#बालाघाट
मुरकुट्टा में लगा विशेष प्रशासनिक शिविर, बैगा परिवारों को मौके पर मिली सरकारी सेवाएं
अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, 156 जाति प्रमाण पत्र आवेदनों सहित कई प्रकरणों पर हुई कार्रवाई
बिरसा विकासखंड की ग्राम पंचायत घुम्मुर के ग्राम मुरकुट्टा में बैगा जनजाति के परिवारों को शासन की योजनाओं और विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचे और कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई।
शिविर में सीईओ नितिन भट्ट, तहसीलदार बबिता सूर्या, बीडीओ बघेल, बीआरसी डीलनसिंह परते, नंदकिशोर टेकाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों की सुविधा के लिए विभागवार काउंटर लगाए गए, जहां योजनाओं, प्रमाण पत्रों और दस्तावेजों से जुड़े आवेदन प्राप्त किए गए।
शिविर के दौरान संबल योजना के तहत 31 पंजीयन किए गए, जबकि 12 लोगों के समग्र आईडी में नाम जोड़े गए। एम-राशन मित्र पोर्टल पर 6 हितग्राहियों के नाम दर्ज किए गए। पेंशन से संबंधित 4 आवेदनों को ऑनलाइन किया गया। जाति प्रमाण पत्र के लिए 156 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने इन आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का प्रयास करने की बात कही। वहीं, पूर्व में तैयार 77 जाति प्रमाण पत्रों का वितरण भी शिविर में किया गया। आधार संबंधी सेवाओं में भी ग्रामीणों को सुविधा मिली। मौके पर 17 नए आधार कार्ड बनाए गए और 15 पुराने आधार कार्ड का अपडेशन किया गया। जन्म प्रमाण पत्र के लिए 10 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
शिविर में 11 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाए गए। इससे संबंधित किसान कृषि कार्यों के लिए सहकारी समिति के माध्यम से ऋण सुविधा का लाभ ले सकेंगे। इसके अलावा 6 लोगों की समग्र ई-केवाईसी तथा एक व्यक्ति की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की केवाईसी पूरी की गई। नवीन विद्युत कनेक्शन के लिए भी 2 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर विभाग द्वारा कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रशासनिक सेवाओं के साथ शिविर में ग्रामीणों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और जरूरत के अनुसार नि:शुल्क दवाओं का वितरण किया। विशेष शिविर के माध्यम से प्रशासन ने बैगा जनजाति के परिवारों तक सरकारी योजनाओं, प्रमाण पत्रों और विभिन्न सेवाओं को पहुंचाने का प्रयास किया। एक ही स्थान पर अलग-अलग विभागों की सेवाएं मिलने से ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर लगाने और दस्तावेजी कार्यों के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिली।
#जनसमस्या_निवारण_शिविर
#CMMadhyaPradesh #healthminmp #WelfareTribal #mp_wcdmp #JansamparkMP #minprdd #minmpkrishi #minforestmp