#बालाघाट
बोलेगांव में लगाया गया मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय शिविर
ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, योजनाओं की दी जानकारी; उद्यमियों और जिले का नाम रोशन करने वाले युवाओं से हुआ संवाद
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत 26 सितंबर को लांजी विकासखंड के ग्राम बोलेगांव स्थित सांदीपनि विद्यालय में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
शिविर में माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश के सचिव श्री बुद्धेश वैद्य, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा, अपर कलेक्टर श्री डी.पी. बर्मन, लांजी एसडीएम श्री आदित्य नारायण तिवारी तथा जनपद पंचायत सीईओ श्री अंकित सिंघई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
बोर्ड परीक्षा की द्वितीय परीक्षा की व्यवस्था की जानकारी
माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश के सचिव श्री बुद्धेश वैद्य ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में पहले आयोजित होने वाली पूरक परीक्षा के स्थान पर अब द्वितीय परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रथम परीक्षा में किसी भी विषय में अनुत्तीर्ण विद्यार्थी, अपने अंकों में सुधार करने के इच्छुक विद्यार्थी अथवा किसी कारणवश प्रथम परीक्षा में शामिल नहीं हो पाने वाले विद्यार्थी द्वितीय परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि जिन विद्यार्थियों के माता-पिता नहीं हैं, उनके बोर्ड परीक्षा में नामांकन एवं परीक्षा शुल्क का भुगतान माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही घुमंतू वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उद्यमियों से संवाद, आत्मनिर्भरता की साझा की सफलता की कहानी
शिविर में उद्यम संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय एवं उद्यम स्थापित करने वाले हितग्राहियों से संवाद किया गया। जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा ने प्रधानमंत्री उद्यम क्रांति योजना के हितग्राही लांजी के राजकुमार गर्ग, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के हितग्राही विजय मेश्राम, मानिकचंद हरिनखेड़े एवं हुमराज ठाकरे, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के हितग्राही गणेश कुमार तुरकर, पीएम एमएसएमई के हितग्राही योगेन्द्र, पशुपालन विभाग की डेयरी प्लस योजना के हितग्राही भूपेन्द्र कबीरे तथा आजीविका मिशन से जुड़े बाली रामटेके, रीना भटेरे एवं अनित करहाड़कर से चर्चा की।
हितग्राहियों ने बताया कि शासन की योजनाओं से आर्थिक सहायता एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर उन्होंने स्वयं एवं अपने परिवार के लिए आय का जरिया तैयार किया है और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। जिला पंचायत सीईओ ने हितग्राहियों को अपने व्यवसाय एवं उद्यम को और विस्तार देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उद्यमों के विस्तार से वे स्वयं आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ अन्य युवाओं को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध करा सकेंगे। उन्होंने शासन स्तर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात भी कही।
जिले का नाम रोशन करने वाले युवाओं से हुआ संवाद
कार्यक्रम के दौरान यशस्वी जन संवाद के अंतर्गत लांजी क्षेत्र के ऐसे युवाओं से भी संवाद किया गया, जिन्होंने खेल एवं अन्य गतिविधियों में जिले एवं प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है। इनमें सृष्टि कोठारे, देवेंद्र बेंदरे, अमोल सोनवाने, दिशा घोंघड़े, मानसी बागड़े, कुश महोबिया एवं राजीव चौरगड़े शामिल रहे। युवाओं ने अपनी उपलब्धियों एवं अनुभवों की जानकारी अधिकारियों के साथ साझा की। उन्होंने लांजी के उत्कृष्ट विद्यालय के मैदान में अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। अधिकारियों ने युवाओं द्वारा रखी गई आवश्यकताओं को सुना।
विभागीय योजनाओं की दी जानकारी
शिविर में पशुपालन, कृषि, जनजातीय कार्य, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, उद्यानिकी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के खंड स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों की जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता, प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने क्षेत्र में पहुंचकर किया विभागीय गतिविधियों का निरीक्षण
शिविर के प्रारंभ में जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित विभागीय गतिविधियों एवं संस्थाओं का निरीक्षण किया। अपर कलेक्टर श्री डी.पी. बर्मन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने भानेगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला योजना अधिकारी श्री यशवंत वैद्य ने टेमनी एवं मोहझरी की शालाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. घनश्याम परते ने क्षेत्र के पशु औषधालयों का निरीक्षण किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेंद्र सुन्द्रियाल, सहायक संचालक श्री प्रशांतदीप ठाकुर, सहायक संचालक मत्स्योद्योग श्रीमती पूजा रोडगे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री बी.एल. उईके, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक श्री अभिनव सिंह बघेल, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागीय संस्थानों एवं कार्यों का निरीक्षण किया।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा
शिविर के दौरान अपर कलेक्टर श्री डी.पी. बर्मन ने जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से 100 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण नहीं करने वाले खंड स्तरीय अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
उद्यम संवाद एवं यशस्वी जन संवाद कार्यक्रम में लांजी एसडीएम श्री आदित्य नारायण तिवारी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती प्रीति मर्सकोले, सैंडमेप के श्री सुनील ढोक, जनपद पंचायत सीईओ श्री अंकित सिंघई सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#मुख्यमंत्री_जनविश्वास_अभियान #JanVishwasAbhiyan2026
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp