#बालाघाट सेवा संकल्प अभियान में ‘अनकही कहानियों’ का भव्य नाट्य मंचन
सेवा, समर्पण, स्वच्छता, शिक्षा और सुशासन के संदेश ने दर्शकों को किया प्रभावित
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शनिवार को उत्कृष्ट विद्यालय, बैहर में ‘अनकही कहानियों का नाट्य मंचन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के आदेशानुसार जिला प्रशासन, बालाघाट एवं जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सेवा, समर्पण और सुशासन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को प्रभावी अभिनय, संवाद एवं संगीत के माध्यम से मंच पर जीवंत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। शासकीय महाविद्यालय एवं सांदीपनि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने समाज सेवा, स्वच्छता, शिक्षा एवं जनकल्याण से जुड़ी ऐसी कहानियों को नाट्य रूप में प्रस्तुत किया, जो सामान्यतः लोगों के बीच चर्चा में नहीं आ पातीं। विद्यार्थियों की प्रभावी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजनों को भाव-विभोर किया और दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
नाट्य मंचन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज में सकारात्मक बदलाव केवल बड़े प्रयासों से ही नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के छोटे-छोटे सेवा कार्यों, जिम्मेदारी और समर्पण से भी संभव है। प्रस्तुतियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, शिक्षा का महत्व, जनकल्याणकारी गतिविधियों में सहभागिता तथा समाज के प्रति सेवा भाव को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक महेश पटले, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य आलोक चौरे, जन भागीदारी समिति के अध्यक्ष राजीव परते, सामाजिक कार्यकर्ता एवं मेंटर शिवनाथ यादव, सुरेश यादव, आकांक्षा तेकाम एवं संगीता मार्को सहित सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान समयबद्धता, समर्पण एवं सेवा भाव को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। आयोजन के अंत में नाट्य मंचन में सहभागी सभी विद्यार्थियों, सहयोगियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
#सेवा_संकल्प_अभियान #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #schooledump