#बालाघाट
सांदीपनि विद्यालय में रासेयो का 58वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया
स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मार्च पास्ट से दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश
सांदीपनि विद्यालय बालाघाट की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा रासेयो का 58वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन कार्यालय आयुक्त उच्च शिक्षा संचालनालय भोपाल एवं राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के निर्देशानुसार किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. अशोक कुमार मराठे, प्राचार्य पीएम श्री एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालाघाट एवं पूर्व रासेयो समन्वयक रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. सतीश चिले, सेवानिवृत्त प्राचार्य शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिवनी उपस्थित रहे। संस्था प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले एवं उपप्राचार्य साजिद मोहिस सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में अतिथियों द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना का ध्वज फहराकर ध्वज प्रणाम किया गया। इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड कैडेट्स ने ध्वज सलामी दी। अतिथियों ने परेड का निरीक्षण किया, जिसके बाद परेड कमांडर मोहित चौहान के नेतृत्व में मार्च पास्ट किया गया। इसके पश्चात मां सरस्वती का पूजन एवं रासेयो के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं एनएसएस बैच लगाकर स्वागत किया गया। स्वयंसेवकों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत-नृत्य की प्रस्तुति दी।
संस्था प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले ने विद्यालय में संचालित एनएसएस, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार कोर्राम ने रासेयो का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि डॉ. अशोक मराठे ने प्रेरणादायी गीत के माध्यम से स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया, जबकि डॉ. सतीश चिले ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं गतिविधियों पर विस्तार से जानकारी दी।
नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश
सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने नशामुक्ति एवं स्वास्थ्य-शिक्षा पर आधारित प्रेरणादायी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके अलावा गणेश वंदना, स्वागत गीत और राजस्थानी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां भी दी गईं। समारोह के अंत में अतिथियों द्वारा स्वयंसेवकों को सात दिवसीय शिविर प्रमाण-पत्र, राष्ट्रीय सेवा योजना के ‘ए’ प्रमाण-पत्र तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले स्वयंसेवकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मंच संचालन स्वयंसेविका कृतिका कटरे एवं पूर्व एनसीसी अधिकारी तथा माध्यमिक शिक्षक खिलेंद्रपाल बिसेन ने किया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #schooldeump #healthminmp