#बालाघाट
43,863 मरीजों की जांच और 27,531 बच्चों का टीकाकरण पूर्ण
बिरसा-बैहर के 57 गांवों में स्वास्थ्य विभाग सतत निगरानी
आज 06 को डिस्चार्ज किया गया, अब तक 630 बच्चे स्वस्थ होकर लौटे घर
जिले के बिरसा एवं बैहर विकासखंड के 57 ग्रामों में मौसमी बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। सर्दी-खांसी, बुखार, चर्मरोग, मीजल्स, स्कैबीज और मलेरिया जैसी बीमारियों से प्रभावित लोगों की जांच और उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार गांवों में पहुंच रही हैं।
25 सितंबर तक अभियान के दौरान कुल 43,863 मरीजों की जांच की गई। इनमें सर्दी-खांसी एवं बुखार के 5,567, मलेरिया के 1045, दाने के साथ बुखार के 431 तथा चर्मरोग के 255 मरीज चिन्हित हुए। इस प्रकार कुल 7,298 मरीजों की पहचान की गई। चिन्हित मरीजों में से 6,637 का घर पर उपचार किया गया, जबकि 661 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया गया। उपचार के बाद 630 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 31 मरीजों का उपचार जारी है। 25 सितंबर को 14 नए मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया, वहीं उपचार के बाद स्वस्थ हुए 06 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा प्रभावित ग्रामों में लगातार जांच, उपचार और निगरानी की जा रही है।
बीमार व्यक्तियों की जांच एवं उपचार के लिए 6 पीएम जनमन एएमएमयू, 18 चिकित्सा अधिकारी और 12 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों एवं अन्य मरीजों के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रख रही हैं।
सर्वे के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अब तक 1,296 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक, ओआरएस एवं जिंक वितरित किया गया। 1,183 बच्चों को आयरन सिरप तथा 1,086 बच्चों को अल्बेंडाजोल की गोलियां दी गईं। आज 4 सत्रों में 114 बच्चों का टीकाकरण किया गया। अब तक 674 टीकाकरण सत्रों के माध्यम से कुल 27,531 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है।
मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। आज 68 ग्रामों के 7,519 मकानों में कीटनाशक का छिड़काव किया गया। वहीं 44 ग्रामों के 8,610 घरों में इनडोर एवं आउटडोर फॉगिंग की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांवों में घर-घर पहुंचकर जांच, उपचार, टीकाकरण और जागरूकता गतिविधियां लगातार संचालित कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी जारी रहेगी।
#CMMadhyaPradesh #healthminmp #WelfareTribal #mp_wcdmp #JansamparkMP #minprdd #minmpkrishi #minforestmp