स्थानीय उदयरंजन क्लब, धार में 9 एवं 10 सितंबर 2026 को 'द्वितीय जिला ओपन स्कूल पिकलबॉल टूर्नामेंट-2026' का शुभारंभ हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में धार जिले के 16 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक सहभागिता की है। इस दो दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर पिकलबॉल खेल को प्रोत्साहित करना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक सशक्त प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना तथा उत्कृष्ट खिलाड़ियों को आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सहभागिता के अवसर प्रदान करना है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर तथा उदयरंजन क्लब के अध्यक्ष श्री राजीव रंजन मीना रहे। कार्यक्रम में सह सचिव श्री पंकज अग्रवाल की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। क्लब के अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी भी इस दौरान उपस्थित रहे और प्रतियोगिता के सफल संचालन में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, समन्वय और मानसिक-शारीरिक विकास का मुख्य आधार हैं। जब युवा टीम भावना के साथ मैदान पर उतरते हैं, तो यह उनकी व्यक्तिगत क्षमता को निखारने के साथ-साथ एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की संस्कृति को जन्म देता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपनी पूरी ऊर्जा और कौशल के साथ खेलने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा, जिससे जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन अवसर मिल रहा है।
राइजिंग टेनिस एवं पिकलबॉल अकादमी द्वारा जिले में पिकलबॉल एवं अन्य रैकेट स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण एवं उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में निरंतर सराहनीय कार्य किया जा रहा है। जिले में खेल प्रतिभाओं के विकास हेतु आवश्यक खेल सुविधाओं एवं प्रशिक्षण अधोसंरचना को और मजबूत करने तथा प्रशासन व संबंधित संस्थाओं के सहयोग से खेल गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने के प्रयास किए जाएंगे। विद्यालय स्तर पर पिकलबॉल को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में यह आयोजन एक मील का पत्थर साबित हो रहा है।
इस गरिमामयी अवसर पर धार पिकलबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री उज्ज्वल नायक एवं श्री उज्ज्वल सिंह ठाकुर, सचिव श्री हितेश देवनानी, मध्यप्रदेश पिकलबॉल के चीफ कोच एवं धार पिकलबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष श्री जयंत सिंह सोलंकी, कोषाध्यक्ष श्री लक्षित जोशी तथा एसोसिएशन के सदस्य श्री रोहित देवनानी एवं श्रीमती शुभी व्यास सहित अनेक गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
51 views | Dhar, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026