कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय अभियानों, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं विभागीय गतिविधियों की प्रगति की बिंदुवार एवं विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाले अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आमजन को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय-सीमा में उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में बताया गया कि मध्यप्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के भू-खण्ड संबंधी अधिकारों को सुरक्षित करने तथा उन्हें संपत्ति का वैधानिक मालिकाना हक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से "स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026" का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा। योजना के अंतर्गत ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में स्वामित्व योजना से संबंधित अधिकार अभिलेखों के हस्तांतरण विलेख का निष्पादन एवं पंजीयन निःशुल्क किया जाएगा। योजना का क्रियान्वयन 17 सितम्बर 2026 से प्रारंभ होगा। कलेक्टर ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मीना ने सेवा संकल्प अभियान जो कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा, के संबंध में आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अभियान के तहत जिला पंचायत को "आशीर्वाद का दिया" के तहत आयोजित कार्यक्रम में दियों की पर्याप्त संख्या में व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किए जाने हेतु सूची तैयार किए जाने के निर्देश दिए। "25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत" के तहत शिक्षा एवं संबंधित विभाग को राष्ट्रव्यापी ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच आयोजित किए जाने के निर्देश दिए।
इसी के साथ ही संस्कृति विभाग को "नमो सेवा गाथा", अंतर्गत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुति के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गाँव-गांव तक पहुंचाई जाने के निर्देश दिए। इसके लिए कलाकारों को चयनित किए जाने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग को स्थानीय आंगनवाड़ केंद्रों पर "आनंद का उत्सव" कार्यक्रम आयोजित किए जाने के निर्देश दिए। इसी के साथ ही जनसंपर्क विभाग को "कहानी बदलाव की" तथा "विकसित भारत संकल्प यात्रा" के माध्यम से शासन की योजनाओं से नागरिकों में सकारात्मक बदलाव की कहानियों को देश तक पहुंचाया जाएगा। इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। "सेवा मेरा योगदान के तहत विभिन्न विभागों की चिन्हित गतिविधियों के क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। इसी के साथ ही अभियान अंतर्गत इस अवधि में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी।
कलेक्टर श्री मीना ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत विभिन्न योजनाओं अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए। अभियान अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी के साथ ही समयावधि पत्रों की समीक्षा कर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों को समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकृत किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
8 views | Dhar, Madhya Pradesh | Sep 7, 2026