कपसेठी पुलिस ने 5 आरोपियों को पकड़ा, 2,570 मोबाइल और 113 सिम कार्ड बरामद
वाराणसी की कपसेठी पुलिस ने बरकी पेट्रोल पंप के पास बंद पड़े ढाबे पर खड़े एक डीसीएम वाहन की जांच के दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 345 एंड्रॉयड मोबाइल, 2,225 कीपैड फोन और विभिन्न कंपनियों के 113 सिम कार्ड बरामद किए। इसके अलावा आरोपियों की तलाशी में 2,149 रुपये मिले।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में चोरी की घटनाओं की रोकथाम और संदिग्धों की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बंगाल नंबर का एक डीसीएम संदिग्ध सामान लेकर बरकी पेट्रोल पंप के पास खड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन की तलाशी लेकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बाबुर अली, मंटू खां, नारजूल शेख, लालबाबू शेख और मिलन शेख के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे फेरी लगाकर कबाड़ के नाम पर मोबाइल खरीदते थे और कुछ मोबाइल चोरी कर खराब कर देते थे। इन मोबाइलों को झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में बेचने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने रविवार दोपहर बाद करीब 03 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना की जानकारी दी और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।