ट्रक की टक्कर से विवाहिता की मौत, पिता घायल
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव के समीप शनिवार की शाम करीब तीन बजे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार सोनी पटेल नामक विवाहिता की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उनके पिता गुलाब घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब ढाई घंटे तक चक्काजाम किया। मिली जानकारी के अनुसार मीरजापुर जिले के कछवां थाना क्षेत्र के चकिया-निगतपुर निवासी गुलाब पटेल अपनी बेटी सोनी के साथ बीएचयू से लौट रहे थे। रखौना रिंगरोड अंडरपास के नीचे पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे सोनी ट्रक के पहिये के नीचे आकर कुचल गईं। वही ट्रक चालक वाहन समेत प्रयागराज की ओर फरार हो गया। घायल गुलाब को अस्पताल भेजा गया।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी तो परिजन और ग्रामीणों ने विरोध किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक व धक्कामुक्की भी हुई। बाद में ग्रामीण हाईवे की दोनों लेन पर बैठ गए, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर एसडीएम शांतुन कुमार सिनसिनवार, एडीसीपी नृपेंद्र और एसीपी वीर सिंह पहुंचे। ट्रक पकड़ने और मुआवजे का आश्वासन मिलने पर शाम करीब 07 बजे जाम समाप्त हुआ।