परीक्षा देने घर से निकली 18 वर्षीय छात्रा लापता,पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल में जुटी
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र में परीक्षा देने के लिए घर से निकली 18 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा 13 अक्टूबर को घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, छात्रा 13 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। घर से निकलने से पहले उसने अपनी बहन को बताया था कि स्कूल आते-जाते समय कुछ लोग उसे रास्ते में रोककर परेशान करते थे।
आरोप है कि मिर्जापुर निवासी आकाश दुबे नामक युवक छात्रा पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था। शादी से इनकार करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। छात्रा ने इस संबंध में अपने कॉलेज की एक अन्य छात्रा को भी जानकारी दी थी।
छात्रा के लापता होने के बाद परिजनों ने जक्खिनी पुलिस चौकी में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
#LetestUpdate #VaranasiUpdate #letestअपडेट #LETESTNEWS 👇👇