ग्राम रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार पाण्डेय ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, 24 हजार मानदेय समेत उठाईं चार सूत्रीय मांगें
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन सौंपकर ग्राम रोजगार सेवकों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में उन्होंने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक पिछले करीब 20 वर्षों से ग्राम पंचायतों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
जिलाध्यक्ष ने मांग की कि ग्राम रोजगार सेवकों का न्यूनतम मानदेय 24 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए और भुगतान के लिए पृथक बजट की व्यवस्था हो।
इसके साथ ही रोजगार सेवकों एवं उनके परिवारों को कैशलेस इलाज, एचआर पॉलिसी लागू करने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम्य विकास विभाग के सभी कार्यों को जॉब चार्ट में शामिल कर पदनाम ग्राम विकास सहायक किए जाने की मांग उठाई।
उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर 3 दिसंबर 2026 को जनपद के ग्राम रोजगार सेवक प्रांतीय आह्वान पर विधानसभा का घेराव करेंगे।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Nov 27, 2026