भागलपुर, दिनांक 10 सितंबर 2026:- माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में बढ़ी हुई पेंशन राशि का अंतरण किया गया। इस अवसर पर भागलपुर जिले के 2,92,094 पेंशनधारियों के बैंक खातों में माह अगस्त, 2026 की कुल 33 करोड़ 67 लाख 64 हजार 900 रुपये की पेंशन राशि सीधे हस्तांतरित की गई।
पेंशन राशि में हुई इस ऐतिहासिक वृद्धि से जिले के वृद्धजन, विधवाओं, दिव्यांगजनों एवं अन्य जरूरतमंद लाभार्थियों में उत्साह एवं खुशी का माहौल देखा गया। राज्य सरकार द्वारा इस विशेष अवसर को ‘पेंशन उत्सव’ के रूप में मनाया गया। इसका उद्देश्य समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को सम्मान, सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक संबल प्रदान करने का संदेश देना है।
भागलपुर समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, भागलपुर श्री रवि राकेश सहित कई वरीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी उपस्थित रहे। इस दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। उपस्थित लाभार्थियों ने माननीय मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों का स्वागत करते हुए पेंशन राशि में वृद्धि को गरीब, वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
विभिन्न योजनाओं के तहत पेंशन राशि का अंतरण
जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कुल 2,92,094 लाभार्थियों के बैंक खातों में अगस्त, 2026 माह की पेंशन राशि का भुगतान किया गया।
* इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 81,397 लाभार्थियों के खातों में 08 करोड़ 96 लाख 93 हजार 600 रुपये।
* इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 13,860 लाभार्थियों के खातों में 01 करोड़ 54 लाख 88 हजार 100 रुपये।
* इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 2,005 लाभार्थियों के खातों में 22 लाख 11 हजार रुपये।
* लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 23,350 लाभार्थियों के खातों में 02 करोड़ 65 लाख 76 हजार 100 रुपये।
* बिहार निःशक्तता सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 31,176 लाभार्थियों के खातों में 03 करोड़ 48 लाख 53 हजार 400 रुपये।
* मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के सर्वाधिक 1,40,306 लाभार्थियों के खातों में 16 करोड़ 79 लाख 42 हजार 700 रुपये का अंतरण किया गया।
इस प्रकार जिले में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कुल 33 करोड़ 67 लाख 64 हजार 900 रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।
राज्य सरकार की इस पहल से जिले के हजारों वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों एवं अन्य जरूरतमंद लाभार्थियों को आर्थिक सुरक्षा एवं सम्मान का लाभ प्राप्त हुआ है।
2 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 10, 2026