शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, प्रेमी ने टावर पर ही भर दी मांग
उत्तर प्रदेश के जौनपुर से प्रेम प्रसंग का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां नेहा गौतम नाम की युवती प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब साढ़े चार घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन युवती प्रेमी को बुलाने की मांग पर अड़ी रही।आखिरकार पुलिस प्रेमी अभिजीत गौतम को मौके पर लेकर पहुंची। प्रेमी भी टावर पर चढ़ा और युवती की मांग में सिंदूर भर दिया। इसके बाद युवती सुरक्षित नीचे उतर आई। इस पूरे घटनाक्रम के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं। फिलहाल पुलिस दोनों को थाने ले गई।