राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 के लिए आयोग द्वारा नियुक्त संभागीय पर्यवेक्षक द्वारा किया गया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण
7 से 12 सितंबर तक होगी परीक्षा, 50 परीक्षार्थी होंगे सम्मिलित
===========================================================
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 का आयोजन 07 से 12 सितंबर 2026 तक प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक सत्र में किया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित परीक्षा केंद्र राजमाता सिंधिया शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 50 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
परीक्षा केंद्र राजमाता सिंधिया शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय छिंदवाड़ा का आयोग द्वारा नियुक्त संभागीय पर्यवेक्षक उच्च न्यायिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री एन.सी. नागराज द्वारा आज निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा प्रभारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री रमेश कुमार मेहरा तथा केंद्राध्यक्ष एवं प्राचार्य श्रीमती अस्मिता मुंजे उपस्थित थीं। निरीक्षण के दौरान आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य सामग्री पर रहेगा प्रतिबंध - मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों में किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के उपयोग को रोकने के लिए परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में जूते-मोजे पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थी चप्पल एवं सैंडल पहनकर परीक्षा केंद्र में आ सकते हैं। चेहरे को ढककर परीक्षा कक्ष में प्रवेश वर्जित रहेगा।
परीक्षार्थियों के लिए एसेसरीज जैसे बालों को बांधने का क्लचर/बकल, घड़ी, हाथ में पहने जाने वाले किसी भी प्रकार के बैंड, कमर में पहने जाने वाले बेल्ट, धूप में पहने जाने वाले चश्मे, पर्स/वॉलेट एवं टोपी वर्जित हैं। सिर, नाक, कान, गला, हाथ-पैर, कमर आदि में पहने जाने वाले सभी प्रकार के आभूषण तथा हाथ में बंधे धागे/कलावा/रक्षा सूत्र आदि का सूक्ष्मता से परीक्षण किया जाएगा। वीक्षकों द्वारा परीक्षार्थियों के परीक्षा कक्ष में जाने से पूर्व तलाशी ली जाएगी। परीक्षार्थियों को मोबाइल, कैलकुलेटर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पठन सामग्री एवं वर्जित वस्तुएं लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं रहेगी।
90 मिनट पूर्व केंद्र पर पहुंचना होगा - परीक्षा को निर्विघ्न, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के लिए नवीन प्रक्रिया के अंतर्गत परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी, सर्विलेंस, बॉयोमेट्रिक, फ्रिस्किंग एवं वीओआईपी की व्यवस्था लागू की गई है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के 90 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।