आठवीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, पीटीएस में पुलिस स्मृति दिवस समारोह संपन्न
वीर शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, शहीदों के परिजनों का किया सम्मान
===================================
आठवीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, पीटीएस में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस समारोह-2026 गरिमामय एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी), छिंदवाड़ा रेंज श्री राकेश कुमार सिंह थे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय सहित वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस बल के जवानों और शहीदों के परिजनों ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह का आयोजन आठवीं वाहिनी की सेनानी श्रीमती निवेदिता गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया।
शहीद पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान का किया स्मरण - पुलिस स्मृति दिवस प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सेना के हमले का वीरतापूर्वक सामना करते हुए वीरगति प्राप्त करने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवानों की शहादत की स्मृति को समर्पित है।
समारोह का शुभारंभ परेड द्वारा सर्वप्रथम सेनानी श्रीमती निवेदिता गुप्ता और तत्पश्चात मुख्य अतिथि डीआईजी श्री राकेश कुमार सिंह को सलामी देने के साथ हुआ। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर निरीक्षक विसबल श्री रविंद्र उइके ने किया, जबकि परेड टूआईसी का दायित्व उपनिरीक्षक श्री रमेश धुर्वे ने निभाया। परेड में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल और जिला होमगार्ड बल की तीन प्लाटून शामिल हुईं। प्रथम प्लाटून का नेतृत्व उपनिरीक्षक श्री कालीचरण सोनवंशी, द्वितीय प्लाटून का नेतृत्व उपनिरीक्षक श्री खेलन सिंह तथा तृतीय प्लाटून का नेतृत्व श्री बी.एस. धुर्वे ने किया।
इसके बाद सेनानी श्रीमती निवेदिता गुप्ता ने विगत वर्ष कर्तव्य निर्वहन के दौरान देशभर में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नामों का ससम्मान वाचन किया। शहीदों की स्मृति में शोक शस्त्र की कार्रवाई संपन्न हुई तथा शहीद स्मारक को सलामी देकर देश की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता और कानून-व्यवस्था की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।
शहीदों के परिजनों का शॉल-श्रीफल से सम्मान - समारोह में छिन्दवाड़ा जिले के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन भी उपस्थित थे। अतिथियों द्वारा शहीदों के परिजनों का शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इसके पश्चात अमर जवान ज्योति शहीद स्मारक पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, अतिथियों और परिजनों ने पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में उपसेनानी श्री अरुण कश्यप, सहायक सेनानी श्रीमती उषा राय एवं श्री अनिल राय, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) श्री सुनील बरकड़े, निरीक्षक क्वार्टर मास्टर श्री संतोष उइके, निरीक्षक श्री सचिन भट्टे, श्री राजेंद्र मरावी, श्री अजीत सिंह एवं श्री शकील अहमद, आरआई पुलिस लाइन श्री हर्ष यादव, सूबेदार मेजर श्री विक्रम मरकाम, उपनिरीक्षक श्री धनराज पवार, श्री रतन सुब्बा एवं श्री संतोष रौथाण सहित जिला पुलिस बल और आठवीं वाहिनी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
#पुलिस_स्मृति_दिवस
#procwa #छिंदवाड़ा
#JansamparkMP
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Home Department of Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh