हीरापुरा एवं कर्राई में मलेरिया जांच शिविर आयोजित
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एस.एन. बिंदल के निर्देशन में विजयपुर विकासखंड के ग्राम हीरापुरा तथा आदिवासी विकासखंड कराहल के ग्राम कर्राई में मलेरिया मास सर्विलांस शिविर आयोजित किए गए। शिविरों का उद्देश्य मलेरिया की समय पर पहचान, संक्रमण की रोकथाम तथा ग्रामीणों को मच्छरजनित बीमारियों के प्रति जागरूक करना रहा। उक्त शिविरों में कुल 203 लोगों की जांच की गई।
विजयपुर विकासखंड के ग्राम हीरापुरा में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य दल द्वारा कुल 102 ग्रामीणों की मलेरिया जांच रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट किट से की गई। जांच के साथ ग्रामीणों को स्वास्थ्य परामर्श दिया गया तथा बुखार एवं मौसमी बीमारियों के लक्षण होने पर तत्काल जांच कराने की सलाह दी गई। आवश्यकता के अनुसार संबंधित मरीजों को निःशुल्क औषधियां भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में सीएचओ श्री सतेंद्र मीणा, मलेरिया टेक्निकल सुपरवाइजर श्री साहिब कुरैशी, सेक्टर सुपरवाइजर श्री राजीव शर्मा, एएनएम सुश्री ज्योति मालवीय सहित आशा सुपरवाइजर एवं आशा कार्यकर्ताओं ने सेवाएं दीं। इस दौरान ग्रामीणों को घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने तथा साफ-सफाई बनाए रखने के संबंध में जागरूक किया गया।
इसी प्रकार आदिवासी विकासखंड कराहल के ग्राम कर्राई में आयोजित शिविर में 101 ग्रामीणों की मलेरिया जांच किट से की गई। जांच में सभी 101 व्यक्तियों की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई। स्वास्थ्य दल ने ग्रामीणों को मलेरिया के लक्षण, उपचार एवं बचाव के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
ग्रामीणों को बताया गया कि बुखार आने पर आशा कार्यकर्ता अथवा स्वास्थ्यकर्मी के माध्यम से तत्काल रक्त की जांच कराएं और मलेरिया की पुष्टि होने पर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पूरा उपचार लें। सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने, घर में पानी से भरे बर्तनों को ढककर रखने, कूलर एवं पानी की टंकियों की नियमित सफाई करने तथा घरों के आसपास जलभराव रोकने की भी समझाइश दी गई।
इस शिविर में सीएचओ श्री भोजराज, एमपीडब्ल्यू श्री रामजीलाल, आशा कार्यकर्ता श्रीमती रूपवती एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कराहल के मलेरिया निरीक्षक श्री नरसिंह गौड़ उपस्थित रहे।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#JansampatkMP
#sheopur