कानूनी सुरक्षा पर जागरूकता शिविर का आयोजन
----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा प्रेरणा वृद्धाश्रम श्योपुर में अटल वयो अभ्युदय योजना अंतर्गत वरिष्ठ जनों के कल्याण एवं उनके अधिकारों के संरक्षण तथा वरिष्ठजनों के प्रति सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने हेतु जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठजनों की कानूनी सुरक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा, उपेक्षा एवं दुर्व्यवहार से संरक्षण, सहायता तथा देखभाल विषयों पर केंद्रित रहा।
नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री संजय महाना के मुख्य आतिथ्य में आयोजित उक्त कार्यक्रम के दौरान सब इंस्पेक्टर श्री धमेंन्द्र नामदेव, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी श्री ओमबीर रघुवंशी, प्रेरणा वृद्धाश्रम के सचिव श्री धर्मेन्द्र शर्मा, प्रबंधक श्री मनोज वैष्णव तथा अन्य विभागीय कर्मचारी और स्थानीय निकाय के प्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे।
नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री संजय महाना ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में बुजुर्गों का सम्मान और उनकी देखभाल करना हम सबका नैतिक दायित्व है। स्थानीय निकायों और पुलिस के समन्वय से वरिष्ठजनों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण प्रदान किया जा रहा है।
वरिष्ठजनों की सुरक्षा और अधिकारों पर हुई चर्चा कार्यक्रम के दौरान इंस्पेक्टर श्री धमेंन्द्र नामदेव ने वरिष्ठजनों की व्यक्तिगत और कानूनी सुरक्षा, आपातकालीन सहायता तथा उनके साथ होने वाले दुर्व्यवहार या उपेक्षा से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन वरिष्ठजनों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे तुरंत सहायता ले सकते हैं।
नोडल अधिकारी श्री ओमबीर रघुवंशी ने बताया कि अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है, जिससे समाज में वरिष्ठजनों के प्रति सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित हो सके। कार्यक्रम के अंत में वृद्धाश्रम के सचिव श्री धर्मेन्द्र शर्मा ने आभार व्यक्त किया।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
11 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Oct 21, 2026