कटिहार में पप्पू यादव के काफिले का भीषण हादसा, गड्ढे में गिरी स्कॉर्ट गाड़ी; 5 घायल, बाल-बाल बचे सांसद
रात 10:45 बजे बेलोरी-सोनैली-सालमारी मुख्य सड़क पर हुआ हादसा, निर्माणाधीन पुल के पास अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटा पुलिस एस्कॉर्ट वाहन; सड़क निर्माण में लापरवाही पर सांसद ने उठाए सवाल
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में रविवार की देर रात पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के काफिले के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। रात करीब 10:45 बजे काफिले में शामिल पुलिस की स्कॉर्ट गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जबकि सांसद पप्पू यादव बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, सांसद कटिहार से सोनैली की ओर एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बेलोरी-सोनैली-सालमारी मुख्य सड़क पर कुम्हरी के समीप निर्माणाधीन पुल के पास स्कॉर्ट वाहन चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते वाहन सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
__पांच लोग घायल, अस्पताल भेजे गए:-
हादसे में स्कॉर्ट वाहन में सवार पांच लोगों को चोटें आई हैं। किसी के गर्दन, किसी के माथे तो किसी के पीठ में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। राहत की बात रही कि सांसद पप्पू यादव सुरक्षित बच गए।
__सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप:-
घटना के बाद सांसद पप्पू यादव ने सड़क निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बेलोरी-सोनैली-सालमारी मुख्य सड़क बाढ़ के समय से क्षतिग्रस्त है। इसके बावजूद निर्माणाधीन पुल के पास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। सांसद ने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाया गया था, न बैरिकेडिंग की व्यवस्था थी और न ही वाहनों के आवागमन के लिए उचित डायवर्जन बनाया गया था। उन्होंने संबंधित ठेकेदार कंपनी, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता और एसडीओ की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
बड़ी अनहोनी टली:-
सांसद ने घटना को लेकर कहा कि ईश्वर की कृपा और लोगों की दुआओं से सभी की जान सुरक्षित है। बारिश के कारण सड़क किनारे की मिट्टी गीली थी, जिससे हादसे की गंभीरता कम रही। अन्यथा दुर्घटना और भी भयावह हो सकती थी।
इस घटना ने एक बार फिर निर्माणाधीन सड़कों और पुलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
#Katihar #PappuYadav #BiharNews #RoadAccident #Purnea #BreakingNews #KosiSamachar
Kahara, Saharsa | Nov 23, 2026