आदर्श गांव सुई में बौद्धिक खोज परीक्षा आयोजित, 80 बच्चों ने दिखाया हुनर
भिवानी, 27 सितंबर : आदर्श गांव सुई स्थित श्रीमति बीनी देवी गीता माध्यमिक विद्यालय में आचार्य उमेद कौशिक गुरुकुल फाउंडेशन के तत्वावधान में बौद्धिक खोज परीक्षा और ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में एलकेजी से लेकर छठी कक्षा तक के करीब 80 छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजकों के अनुसार सभी प्रतिभागियों को जल्द ही प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन की ओर से फाउंडेशन के संयोजक, शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ. उमेद शर्मा को प्रशंसा पत्र भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर बच्चों से संवाद करते हुए शिक्षाविद डॉ. उमेद शर्मा ने कहा कि यह बौद्धिक खोज परीक्षा बच्चों के भविष्य को संवारने और उन्हें आरंभ से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुकूल तैयार करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण कदम है। आज के युग में किताबी ज्ञान के साथ-साथ कौशल विकास और संस्कारवान शिक्षा की सर्वाधिक आवश्यकता है। यदि बचपन से ही विद्यार्थियों की प्रतिभा की पहचान कर उन्हें रोजगारोन्मुखी और नैतिक शिक्षा दी जाए, तो वे आगे चलकर न केवल आत्मनिर्भर बनेंगे बल्कि दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम होंगे। डॉ. शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए आगे कहा कि प्रत्येक बच्चे को अपने माता-पिता, गुरुजनों और समाज के सभी बड़ों का सम्मान करना चाहिए तथा उनके बताए सन्मार्ग पर चलना चाहिए। अच्छे संस्कारों और अनुशासन के बल पर ही भारत को पुन: विश्व गुरु बनाया जा सकता है। एक सजग और संस्कारी छात्र ही आगे चलकर राष्ट्र का जिम्मेदार नागरिक बनता है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना की। प्राचार्य ने परीक्षा के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, उपस्थित अभिभावकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे बौद्धिक आयोजनों से ग्रामीण अंचल के बच्चों में आत्मविश्वास का संचार होता है।