नर सेवा ही नारायण सेवा
शहीद भगत सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में भिवानी में रक्तदान शिविर आयोजित, 71 ने किया रक्तदान
समाज हित में उठाया गया हर कदम पूरे समाज को लाभान्वित करता है : राजेश डुडेजा
भिवानी, 27 सितंबर : मानव सेवा और समाज कल्याण के उद्देश्य को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला रेडक्रॉस सोसायटी भिवानी के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन पालुवास मोड़ पर किया गया। उपायुक्त साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में सहारा चेरिटेबल ट्रस्ट और वंशिका फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह शिविर अमर शहीद भगत सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में और कैंसर मरीजों की सहायता को समर्पित रहा। शिविर में युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और 71 यूनिट रक्तदान कर मानव सेवा का अनुपम संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। शिविर के दौरान शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा और सहारा चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष जगदीश मिताथल ने संयुक्त रूप से लोगों को प्रेरित करते हुए समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज हित में बढ़ाया गया हर कदम पूरे समाज को लाभान्वित करता है। रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने का सबसे पावन जरिया है। जब हम स्वैच्छिक रूप से आगे आकर रक्तदान करते है तो इससे न केवल अस्पतालों और ब्लड बैंकों में रक्त की कमी दूर होती है, बल्कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को नया जीवन मिलता है। प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को अपने जीवन में नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प लेना चाहिए और अन्य लोगों को भी इस महादान के लिए प्रेरित करना चाहिए। इस दौरान लगभग 115 आम नागरिकों के रक्त और स्वास्थ्य की जांच भी की गई। एम्स बाड़सा अस्पताल से पहुंचीं डा. चारुल ने उपस्थित लोगों को रक्तदान की पात्रता, सही प्रक्रिया और इसके वैज्ञानिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वंशिका फाउंडेशन के अध्यक्ष व रक्तवीर मनीष वर्मा ने कहा कि हमें अपने जीवन के विशेष और स्मरणीय अवसरों जैसे जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, परिजनों की पुण्यतिथि, महापुरुषों की जयंती और शहीदी दिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए। इस अवसर पर नरेश पालुवास, मुकेश पालुवास, अनिल तंवर, सूरज राणा, नरेंद्र तंवर, साहिल, मेहताब, नवीन तंवर, रमेश जिंदल, सुदर्शन आहूजा और हरिओम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
Bhiwani, Bhiwani | Sep 27, 2026