बेंगलुरु से चार दोस्त भगवान बदरी विशाल के दर्शन करने आए थे, सोचा नहीं था कि दर्शन के बाद की उड़ान उन्हें सीधे काल के मुंह में ले जाएगी,
बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर पांडुकेश्वर क्षेत्र में हुआ दुर्घटनाग्रस्त, बेंगलुरु के पांच पर्यटकों और पायलट की गई जान,
हादसे में बेंगलुरु के दो युवा अधिवक्ताओं की भी मौत, एडवोकेट्स एसोसिएशन परिवारों के संपर्क में, देहरादून से विमान के जरिये बेंगलुरु भेजे जाएंगे पार्थिव शरीर,
उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक भीषण हेलीकॉप्टर हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर पांडुकेश्वर क्षेत्र के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में हेलीकॉप्टर सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पायलट हिमांशु सहित बेंगलुरु के पांच पर्यटक शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और खराब मौसम के बीच देर रात तक चले अभियान में भारतीय सेना के जवानों ने सभी छह शव बरामद कर लिए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर ने शुक्रवार दोपहर करीब 1:13 बजे बदरीनाथ धाम स्थित हेलीपैड से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के महज एक मिनट बाद करीब 1:14 बजे हेलीकॉप्टर पांडुकेश्वर क्षेत्र के आसपास हादसे का शिकार हो गया। प्रारंभिक जानकारी में खराब मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे की खबर मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटनास्थल की भौगोलिक परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान में काफी मुश्किलें पेश आईं।
सेना ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से बरामद किए सभी शव,
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल भारतीय सेना के जवानों को मौके पर भेजा। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही सेना के जवानों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया था। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में देर रात तक चले सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी छह मृतकों के शव बरामद कर लिए गए। प्रशासन की ओर से शवों को घटनास्थल से सुरक्षित बाहर निकालने और आगे की प्रक्रिया पूरी करने के प्रयास किए गए। सेना और पुलिस की टीमें शवों को पहाड़ों से निकालकर जोशीमठ लाने में जुटी रहीं।
बेंगलुरु के दो युवा अधिवक्ताओं की मौत से वकालत समुदाय में शोक,
इस हादसे में बेंगलुरु के दो युवा अधिवक्ताओं सुधीर और शंकर गौड़ा की मौत की खबर से अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों हाईकोर्ट और ट्रायल कोर्ट में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे और चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड आए हुए थे। बदरीनाथ धाम के दर्शन करने के बाद दोनों हेलीकॉप्टर से देहरादून लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। एडवोकेट्स एसोसिएशन, बेंगलुरु (AAB) ने दोनों अधिवक्ताओं के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।