खास खबर : नौ घंटे गुलदार के साथ बाथरूम में बंद रहा कुत्ता, रेस्क्यू के बाद तेजी से भागा बाहर!!
रुद्रप्रयाग। सुमाड़ी में गुलदार के रेस्क्यू के दौरान एक हैरान करने वाला घटनाक्रम भी सामने आया। बताया जा रहा है कि गुलदार के साथ आवारा कुत्ता भी बाथरूम में बंद रहा, मगर करीब नौ घंटे तक गुलदार के साथ बाथरूम में रहने के बावजूद गुलदार ने कुत्ते को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
रविवार सुबह दस बजे करीब जब वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद गुलदार का सुरक्षित रेस्क्यू किया और बाथरूम का दरवाजा खोला तो कुत्ता तेजी से बाहर की ओर भाग निकला। इस दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। पूरे घटनाक्रम के दौरान लोगों के बीच यही चर्चा रही कि आखिर गुलदार ने इतने लंबे समय तक साथ रहने के बावजूद कुत्ते को अपना शिकार क्यों नहीं बनाया। सुमाड़ी की यह अनोखी घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।