2027 में बिलग्राम-मल्लावां समेत हरदोई की सभी सीटों पर जीतेगी सपा: जितेंद्र वर्मा जीतू पटेल
कटिया भिखारीपुर में आयोजित पीडीए जन पंचायत में भाजपा सरकार पर साधा निशाना, सपा सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार देने का किया वादा
हरदोई। मल्लावां ब्लॉक के ग्राम कटिया भिखारीपुर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अर्जुन कुमार की ओर से पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा जीतू पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पंचायत को संबोधित करते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्र सहित हरदोई की सभी सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत दर्ज करेगी।
जितेंद्र वर्मा जीतू पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने 2027 में समाजवादी पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने का संकल्प ले लिया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि पढ़े-लिखे युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है और सरकार की नीतियों से उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को लेकर भाजपा सरकार के दावे वास्तविकता से परे हैं। लखनऊ का इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और मेट्रो परियोजना को उन्होंने समाजवादी पार्टी सरकार की उपलब्धियां बताया। उन्होंने 108 और 102 एंबुलेंस सेवा, 1090 महिला सुरक्षा हेल्पलाइन तथा 100 नंबर पुलिस सेवा का उल्लेख करते हुए इन्हें सपा सरकार की योजनाएं बताया।
सपा प्रवक्ता ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में दलितों और महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न, हत्या, बलात्कार, चोरी, डकैती तथा संगठित अपराध जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पत्रकारों, पुलिसकर्मियों और अधिवक्ताओं तक की हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को नौकरी और रोजगार देने के साथ ही विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरा जाएगा। उन्होंने भाजपा पर हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में न तो स्मार्ट सिटी की योजनाओं के अपेक्षित परिणाम सामने आए और न ही बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू हुआ।
जितेंद्र वर्मा जीतू पटेल ने महिलाओं को लेकर भी घोषणा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश की सभी महिलाओं को सालाना 50 हजार रुपये देने की व्यवस्था की जाएगी।
इस अवसर पर अजय प्रताप सिंह, सार्वेंद्र यादव, सत्यम पटेल, सौरभ पटेल, रामचंद्र पटेल, प्रशांत पटेल, संदीप पटेल, शाहबाज खान, सौरभ वर्मा, मोहम्मद नावेद खान, ओसामा इराकी, दीपक कुमार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Oct 11, 2026