पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री पटेल ने कोसमी में 57.33 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
मेन रोड से स्कूल तक बनेगी सीमेंट कांक्रीट सड़क, सड़क के दोनों ओर होगा पौधारोपण
मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने 22 अक्टूबर को बालाघाट विकासखंड की ग्राम पंचायत कोसमी में 57 लाख 33 हजार रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया।
ग्राम पंचायत कोसमी में प्रस्तावित विकास कार्यों के अंतर्गत मुख्य मार्ग (मेन रोड) से स्कूल तक सीमेंट कांक्रीट सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क के निर्माण से ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही, सड़क के दोनों ओर पौधारोपण भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहन देने में मदद मिलेगी।
विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर
ग्राम पंचायत कोसमी में सड़क निर्माण एवं पौधारोपण की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देगी। सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होने की उम्मीद है, वहीं सड़क के दोनों ओर पौधे लगाए जाने से क्षेत्र को हरित बनाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री राजा लिल्हारे, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री फूलचंद सहारे, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा, एसडीएम श्री गोपाल सोनी, श्रीमती मीना राहंगडाले, श्री कल्याण सिंह राणा, श्री आनंद कोचर, श्री अभय कोचर, श्री महेंद्र सुराना, श्री अभय सेठिया, ग्राम पंचायत कोसमी की सरपंच श्रीमती अंबिका नगपुरे सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 22, 2026