NQAS एवं कायाकल्प प्रमाणीकरण की तैयारी को लेकर वैशाली की टीम ने किया सदर अस्पताल सीतामढ़ी का तीन दिवसीय गुणवत्ता मूल्यांकन
सीतामढ़ी: सदर अस्पताल सीतामढ़ी में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) एवं कायाकल्प प्रमाणीकरण की तैयारियों को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वैशाली सदर अस्पताल की एक विशेषज्ञ टीम द्वारा तीन दिवसीय भ्रमण एवं गुणवत्ता मूल्यांकन किया गया। इस दौरान टीम ने सदर अस्पताल के सभी 21 विभागों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण में अस्पताल की साफ-सफाई, स्वच्छता एवं हाइजीन प्रैक्टिसेज, संक्रमण नियंत्रण (Infection Control), बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट (BMW Management), दवाओं के रखरखाव, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता तथा आवश्यक अभिलेखों के संधारण की बारीकी से समीक्षा की गई।
निरीक्षण टीम में वैशाली सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, जिला गुणवत्ता सलाहकार, अस्पताल प्रबंधक एवं SNCU इंचार्ज शामिल थे। टीम ने सदर अस्पताल के ड्रग स्टोर एवं फार्मेसी में दवाओं के सुव्यवस्थित रखरखाव और प्रबंधन की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही, अस्पताल में गुणवत्ता सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की गई।
हालांकि, निरीक्षण के दौरान बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, साफ-सफाई, हाइजीन एवं संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्थाओं में कुछ सुधार की आवश्यकता बताई गई। विशेष रूप से 'दीदी की रसोई' में साफ-सफाई की स्थिति पर टीम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पीरामल फाउंडेशन की टीम द्वारा अस्पताल की गुणवत्ता सुधार एवं NQAS तथा कायाकल्प प्रमाणीकरण की तैयारियों में किए जा रहे सहयोगात्मक प्रयासों की टीम ने विशेष सराहना की।
समापन बैठक (Closing Meeting) के दौरान निरीक्षण टीम द्वारा साझा किए गए फीडबैक एवं सुधार संबंधी सुझावों पर सभी विभागों के प्रभारियों ने अगले एक सप्ताह के भीतर चिह्नित कमियों को दूर करने का आश्वासन दिया। सिविल सर्जन डॉ. आर.के. यादव, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं अस्पताल प्रबंधक ने संयुक्त रूप से आश्वस्त किया कि निरीक्षण टीम द्वारा दिए गए सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी आवश्यक सुधार शीघ्र सुनिश्चित किए जाएंगे। इस क्रम में सभी विभागाध्यक्षों एवं प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित समय-सीमा में कमियों को दूर कर इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधक एवं अस्पताल उपाधीक्षक को दें। साथ ही, निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही बरतने पर आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इस अवसर पर सिविल सर्जन सीतामढ़ी डॉ. आर.के. यादव ने कहा कि निरीक्षण टीम ने अस्पताल के विभिन्न विभागों में उपलब्ध सेवाओं एवं रिकॉर्ड संधारण की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया है। साथ ही, आगामी राष्ट्रीय प्रमाणीकरण की तैयारियों को और बेहतर बनाने के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करेगा।
वहीं, जिला कार्यक्रम प्रबंधक विजय झा ने कहा कि निरीक्षण टीम से प्राप्त फीडबैक के आधार पर NQAS एवं कायाकल्प प्रमाणीकरण की तैयारियों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके लिए जिला गुणवत्ता सलाहकार और पीरामल फाउंडेशन की जिला टीम के साथ समन्वय स्थापित कर सभी चिह्नित कमियों को दूर करने तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
इस तीन दिवसीय मूल्यांकन का मुख्य उद्देश्य सदर अस्पताल सीतामढ़ी में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं संस्थागत प्रबंधन को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करना तथा आगामी NQAS एवं कायाकल्प प्रमाणीकरण के लिए अस्पताल को बेहतर तरीके से तैयार करना है।
Sitamarhi, Bihar | Nov 28, 2026