छतरपुर के राजनगर तहसील क्षेत्र से सिस्टम के दावों को आईना दिखाती तस्वीरें सामने आई हैं। ग्राम पंचायत खैरी के चंदन पुरवा में रहने वाले 60 से ज्यादा ग्रामीण आज भी एक सुरक्षित रास्ते के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं।,ये तस्वीरें ग्राम पंचायत खैरी के चंदन पुरवा की हैं। तस्वीरें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां रहने वाले ग्रामीण किस तरह जिंदगी जीने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस पुरवा तक पहुंचने के लिए कोई पक्का रास्ता नहीं है। ग्रामीण खेतों की पगडंडी से होकर आते-जाते हैं और रास्ते में पड़ने वाले नाले को पार करना उनकी मजबूरी है। बरसात में जब नाले में पानी बढ़ जाता है तो मुश्किल कई गुना बढ़ जाती है।,ग्रामीणों ने देसी जुगाड़ का सहारा लिया है। नाले के दोनों तरफ रस्सी बांधी गई है और लकड़ी के सहारे लोग एक तरफ से दूसरी तरफ पहुंचते हैं। सबसे ज्यादा चिंता बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की है, क्योंकि रोजमर्रा की जरूरतों के लिए इन्हें इसी खतरनाक रास्ते से गुजरना पड़ता है।,रास्ता नहीं होने का असर सिर्फ आवाजाही पर नहीं, बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। किसानों को खेतों तक पहुंचने में परेशानी होती है और किसी आपात स्थिति में मरीज या गर्भवती महिला को बाहर ले जाना भी बड़ी चुनौती बन सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष सीईओ भी चंदन पुरवा पहुंचे थे और पुलिया निर्माण का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।,लंबे समय से समाधान नहीं होने के बाद ग्रामीण अपनी मांग को लेकर जनसुनवाई में पहुंचे। लिखित आवेदन सौंपकर जल्द से जल्द पुलिया निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में नाला भरने के बाद किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है।
हिमांशु अग्रवाल
छतरपुर