सांसद पप्पू निषाद की गाड़ी में तोड़फोड़ से भड़का सियासी आक्रोश, सपा ने कलेक्ट्रेट घेरा
डीएम-एसपी को ज्ञापन सौंप आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग, रोहित पाण्डेय बोले—सांसद की सुरक्षा में चूक गंभीर मामला
संतकबीरनगर। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी में हुई तोड़फोड़ का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में बुधवार को सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर जमकर विरोध जताया। इसके बाद पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन के दौरान सपा नेता रोहित पाण्डेय ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह की घटना बेहद गंभीर है। सांसद की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल मजबूत किया जाना चाहिए तथा घटना में शामिल अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए।सपा नेताओं ने कहा कि त्योहार के दौरान जनप्रतिनिधि की सुरक्षा में इस तरह की चूक चिंता का विषय है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो इससे असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ सकते हैं।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
सपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को चेतावनी दी कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। नेताओं ने कहा कि यदि पुलिस-प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में घटना को लेकर आक्रोश देखने को मिला।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Sep 20, 2026