स्कूलों की बदहाली पर बच्चों ने उठाई आवाज, कचहरी चौक पर लगाई युवा संसद
जमुई। सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को लेकर शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित कचहरी चौक पर स्कूली बच्चों ने युवा संसद लगाई। जिले के विभिन्न स्कूलों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने अपने विद्यालयों की समस्याएं खुलकर सामने रखीं और व्यवस्था में सुधार की मांग की।
प्लस टू उच्च विद्यालय खलारी की छात्रा पूजा कुमारी ने कहा कि विद्यालय को प्लस टू का दर्जा तो मिल गया, लेकिन शौचालय, पर्याप्त क्लासरूम और अन्य जरूरी संसाधनों की कमी है। स्कूल में महज तीन कमरों में कक्षा 11 तक की पढ़ाई होती है।
उत्क्रमित मध्य विद्यालय लालपुर की छात्रा सुप्रिया राज ने बताया कि एक कमरे की छत से पानी टपकता है, जबकि दूसरा कमरा जर्जर है। विद्यालय में शौचालय, पेयजल और चापाकल की सुविधा भी नहीं है।
भाकपा नेता बाबू साहब ने कहा कि युवा संसद के माध्यम से बच्चों ने सरकारी स्कूलों की समस्याओं को उठाते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
Jamui, Jamui | Aug 29, 2026