हंसराज पब्लिक स्कूल में दीपावली-छठ की धूम, बच्चों ने रंगोली और झांकियों से बिखेरी भारतीय संस्कृति की छटा
खराटी में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने फैंसी ड्रेस और रंगोली प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा
गया/बोधगया। गया बोधगया के के खराटी स्थित हंसराज पब्लिक स्कूल परिसर में शुक्रवार को दीपावली एवं छठ महापर्व के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी शानदार प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और छठ महापर्व पर आधारित आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं।
बच्चों ने रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, पारंपरिक वेशभूषा में सजी छात्राओं ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर भारतीय संस्कृति और पर्वों की खूबसूरती को दर्शाया। छठ महापर्व पर आधारित झांकियों के माध्यम से सूर्य उपासना, अर्घ्य और लोक आस्था की परंपराओं को जीवंत किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. नितिन कुमार ने कहा कि दीपावली और छठ जैसे पर्व हमारी संस्कृति और परंपरा की पहचान हैं। विद्यालय में ऐसे आयोजन कराने का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ अपनी सभ्यता, संस्कृति और आस्था से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने और प्रेम एवं भाईचारे का संदेश देती है, जबकि छठ महापर्व प्रकृति, स्वच्छता, अनुशासन और लोक आस्था का प्रतीक है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों का आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता भी विकसित होती है।
अंत में प्राचार्य डॉ. नितिन कुमार ने विद्यालय परिवार की ओर से सभी अभिभावकों, विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों को दीपावली एवं छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
#GayaNews
#diwalispecial
#diwalicelebration
#Hanshrajpublicschool
#गयाजी
#गया_हो
#school