जालौन: परिवहन विभाग का शिकंजा, ओवरस्पीडिंग और सड़क किनारे खड़े 58 वाहनों पर चालान, 2.06 लाख का जुर्माना वसूला
नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त मुस्तैदी देखने को मिली। पीटीओ आनंद राय कुरील की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है।
जांच के दायरे में आए कुल 58 वाहनों के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए मौके पर ही जुर्माना वसूलने की प्रक्रिया के तहत कुल 2,06,000 रुपये (दो लाख छह हजार रुपये) का अर्थदंड वसूला।
सुरक्षित सफर के लिए विभाग की अपील
पीटीओ आनंद राय कुरील ने बताया कि यह अभियान जिले में सड़क हादसों की संख्या को न्यूनतम करने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे सफर के दौरान गति सीमा का पूरा ध्यान रखें और अपने वाहनों को केवल निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
Jalaun, Jalaun | Oct 11, 2026