दिनांक- 16.09.2026
जिला जन-संपर्क कार्यालय, शिवहर।
---- जिला पदाधिकारी ने अंचल कार्यालय, तरियानी का किया निरीक्षण, जन सुविधाओं और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की ----
आम जनमानस को सुलभ, त्वरित और पारदर्शी सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक- 16.09.2026 को जिला पदाधिकारी, शिवहर श्रीमती प्रतिभा रानी द्वारा अंचल कार्यालय, तरियानी का गहन निरीक्षण किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा निरीक्षण के दौरान अंचल कार्यालय के विभिन्न कार्यों, पंजियों के संधारण, कार्यालय की बुनियादी सुविधाओं, और लोक सेवाओं की अद्यतन स्थिति की बारीकी से जांच की गई। कार्यों में तेजी लाने और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु सख्त निर्देश जारी किए गए। निरीक्षण के दौरान सामने आए मुख्य तथ्य एवं दिए गए निर्देश:
1. कर्मचारियों एवं उपस्थिति पंजी की स्थिति: कार्यालय में पदस्थापित अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी, लिपिक और राजस्व कर्मचारियों की उपस्थिति और रिक्तियों की समीक्षा की गई। उपस्थिति पंजी का संधारण सही पाया गया।
2. लोक शिकायत निवारण: लोक शिकायत से संबंधित पंजी संधारित पाई गई। जिला लोक शिकायत में 2 और अनुमंडल लोक शिकायत में 4 वाद लंबित पाए गए, जिनकी सुनवाई प्रक्रियाधीन है। इनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण के क्रम में राजस्व एवं लोक सेवाओं (RTPS) की स्थिति का भी जायजा लिया। कार्यालय के अद्यतन प्रतिवेदन के अनुसार तरियानी अंचल में विभिन्न विकास और लोक सेवा कार्य प्रगति पर हैं:
1. नामांतरण (Mutation): दाखिल-खारिज हेतु प्राप्त कुल 36,453 ऑनलाइन आवेदनों में से 35,602 आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है (निष्पादन की स्थिति 97.66 प्रतिशत)। शेष 851 प्रक्रियाधीन आवेदनों को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
2. भू-स्वामित्व प्रमाण पत्र (LPC): एल.पी.सी. हेतु प्राप्त कुल 440 ऑनलाइन आवेदनों में से 429 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है (निष्पादन की स्थिति 97.5 प्रतिशत)। शेष 11 प्रक्रियाधीन आवेदनों का अविलंब निपटारा करने को कहा गया।
3. परिमार्जन एवं ई-मापी (e-Mapi): परिमार्जन के कुल 4,612 प्राप्त आवेदनों में से 4,123 का निष्पादन कर दिया गया है। ई-मापी के तहत 885 आवेदनों में से 435 मामलों में मापी प्रतिवेदन आवेदक को भेजा जा चुका है।
4. लोक सेवाओं का अधिकार (RTPS): वित्तीय वर्ष में दिनांक 01.04.2026 से 14.09.2026 तक आवासीय प्रमाण-पत्र के 14,986, जाति प्रमाण-पत्र के 13,384, आय प्रमाण-पत्र के 15,490 और ईडब्ल्यूएस (EWS) के 665 आवेदनों का सफल निष्पादन किया गया है।
5. अतिक्रमण (Encroachment) एवं वासगीत पर्चा: वर्ष 2025-26 तक कुल 19 वासगीत पर्चा निर्गत किये गए हैं। अतिक्रमण वाद हेतु पंजी संधारित पाई गई तथा वर्तमान में 3 अतिक्रमण वाद प्रक्रियाधीन हैं। न्यूनतम मजदूरी से संबंधित कोई शिकायत दर्ज नहीं पाई गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी पंजियों को अद्यतन व पारदर्शी रखा जाए तथा शेष बचे हुए लंबित आवेदनों का ससमय और नियमसंगत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। ज़िला पदाधिकारी द्वारा अंचल कार्यालयों के नियमित निरीक्षण का उद्देश्य भूमि संबंधी मामलों के निष्पदान में तेज़ी लाना, जनता के शिकायतों का त्वरित समाधान, कर्मचारियों के अंदर जवाबदेही को बढ़ाना, अभिलेखों एवं पंजीयों के बेहतर संधारण, राजस्व वसूली में सुधार लाते हुए राजस्व सेवाओं को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध एवं जानोन्मुखी बनाना है।
Sheohar, Bihar | Sep 16, 2026