दिनांक-16.09.2026
जिला जन-संपर्क कार्यालय, शिवहर।
---- 'सेवा संकल्प अभियान' का कल से होगा आगाज, जिलाधिकारी ने प्रेस वार्ता कर मीडिया से की सहयोग की अपील ----
समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में बुधवार को जिलाधिकारी, शिवहर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता का मुख्य उद्देश्य गुरुवार (17 सितंबर 2026) से पूरे जिले में व्यापक स्तर पर शुरू हो रहे 'सेवा संकल्प अभियान' की विस्तृत रूपरेखा साझा करना था। जिलाधिकारी ने अभियान के सफल संचालन तथा इसे जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
इस वृहद अभियान के तहत जिले में कई जन-कल्याणकारी, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की शुरआत देकुली धाम मंदिर परिसर में 17 सितंबर के अपराह्न 05:00 बजे से ज़िला पदाधिकारी के अध्यक्षता में स्वच्छता अभियान से की जाएगी। इस अभियान के उपरान्त संध्या में ही देकुली धाम मंदिर परिसर में आशीर्वाद का दीया जलाया जाएगा। इसके अलावा संध्या में जिले के सभी सरकारी संस्थानों, पंचायत सरकार भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों, सभी विद्यालयों तथा लाभार्थियों के द्वारा दीप प्रज्जवलित किया जाएगा।
2. सेवा मित्र (24 सितंबर से 1 अक्टूबर): सभी सरकारी व निजी विद्यालयों/महाविद्यालयों में 'विकसित भारत' विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता तथा नुक्कड़ नाटकों का आयोजन होगा।
3. सेवा स्मरण (17 सितंबर से 17 अक्टूबर): सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक, भजन-कीर्तन व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इसका विशेष मंचन 5 अक्टूबर को किया जाएगा।
4. आंगन का मिलन (28 से 30 सितंबर): आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम होगा, जिसमें खेलकूद, पोषण पर चर्चा और माताओं का सम्मान किया जाएगा।
5. कहानी बदलाव की (17 सितंबर से 17 अक्टूबर): सरकारी योजनाओं से लाभार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को दर्शाने वाले वीडियो टेस्टिमोनियल (सफलता की कहानियां) तैयार किए जाएंगे।
6. सेवा ज्योति यात्रा: युवाओं व आमजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पदयात्रा, साइकिल एवं बाइक यात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए विशेष सेल्फी पॉइंट भी बनाए जाएंगे।
7. सेवा मेरा योगदान (5 से 9 अक्टूबर): जिले के प्रमुख तालाबों, घाटों एवं 25 चयनित स्थानों पर महाश्रमदान के माध्यम से विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा।
8. संकल्प आपके द्वार (6 अक्टूबर): प्रत्येक प्रखंड स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहाँ जनसमस्याओं का ऑन-द-स्पॉट (त्वरित) निष्पादन होगा और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
9. सेवा के रंग (15 अक्टूबर): प्रखंड व नगर निकाय स्तर पर स्वयं सहायता समूहों (SHG), स्थानीय कलाकारों व एनसीसी/एनएसएस के सहयोग से वृहद रंगोली कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
10. हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज: जिले के प्रतिभाशाली युवाओं और स्टार्टअप्स की पहचान कर उनके नवाचार (आइडिया) को प्रोत्साहित किया जाएगा।
11. जनसेवक महाकुंभ (पंचायत से संवाद): पंचायत प्रतिनिधियों, महिलाओं, युवाओं व समाज के विभिन्न वर्गों के साथ विकास कार्यों पर सीधा जन-संवाद स्थापित किया जाएगा।
12. 25 साल, 25 कहानियां: जिले के प्रमुख विकास कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित सफलता की 25 बेहतरीन कहानियों का एक विशेष संकलन तैयार किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 'सेवा संकल्प अभियान' का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार नहीं है, बल्कि आम नागरिकों को विकास की प्रक्रिया में भागीदार बनाना है। प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और इसे एक जन-आंदोलन का रूप दें।
Sheohar, Bihar | Sep 16, 2026