प्रेस विज्ञप्ति
स्थान : नालंदा
दिनांक : 22 अगस्त 2026
.........................................
नालंदा जिलाधिकारी ने 21 जन-शिकायतों पर की सुनवाई, अधिकारियों की तय की जवाबदेही
जन-शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता; संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश।
नालंदा जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह द्वारा आज दिनांक 22 अगस्त 2026 को आयोजित जन-सुनवाई में आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया।
इस दौरान कुल 21 जन-शिकायतों पर सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जन-सुनवाई के दौरान बाउंड्री वॉल हटाने, बी.एड. सत्र 2023-25 के परीक्षा परिणाम में कॉलेज की लापरवाही के कारण अनुपस्थित (Absent) दर्शाए जाने एवं उसमें सुधार, विद्युत करंट लगने से हुई घटना के बाद मुआवजा राशि का भुगतान नहीं होने सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई। इसके साथ ही लगातार पांचवें वर्ष 20 से 27 दिसंबर 2026 तक ‘नालंदा बैडमिंटन प्रीमियर लीग’ के आयोजन हेतु नालंदा हेल्थ क्लब परिसर के उपयोग की अनुमति से संबंधित मामले पर भी सुनवाई की गई।
बाउंड्री वॉल हटाने से संबंधित शिकायतों के निष्पादन हेतु जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, नालंदा को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसी प्रकार, बी.एड. सत्र 2023-25 के परीक्षा परिणाम में कॉलेज की लापरवाही के कारण अभ्यर्थी को अनुपस्थित (Absent) दर्शाए जाने एवं परिणाम में आवश्यक सुधार से संबंधित शिकायतों के त्वरित निष्पादन हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी, नालंदा को निर्देशित किया गया।
विद्युत करंट लगने की घटना के बाद मुआवजा राशि का भुगतान नहीं होने से संबंधित मामलों के निष्पादन हेतु आपदा शाखा प्रबंधक, नालंदा को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, लगातार पांचवें वर्ष 20 से 27 दिसंबर 2026 तक ‘नालंदा बैडमिंटन प्रीमियर लीग’ के आयोजन के लिए नालंदा हेल्थ क्लब परिसर के उपयोग की अनुमति से संबंधित शिकायत के निष्पादन हेतु नगर आयुक्त, नगर निगम, बिहारशरीफ को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जन-शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रत्येक मामले में नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Education Department
Disaster Management Department Govt. of Bihar
Energy Department, Bihar