मुरैना में जनसुनवाई: कलेक्टर ने 200 आवेदकों की सुनी समस्याएं, 38 आवेदन टीएल में दर्ज
अधिकारियों को निर्देश- संवेदनशीलता और गंभीरता से करें शिकायतों का निराकरण, पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में दिलाएं राहत
मुरैना। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 200 आवेदकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों में से 38 को समय-सीमा (टीएल) में दर्ज कर संबंधित विभागों को निराकरण के लिए भेजा गया।
कलेक्टर जांगिड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ परीक्षण किया जाए। साथ ही नियमानुसार त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन किसी नागरिक की समस्या और अपेक्षा से जुड़ा होता है। इसलिए अधिकारी प्रकरणों को गंभीरता से लें और पात्रतानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण की कार्रवाई करें, ताकि आवेदकों को समय पर राहत मिल सके।
जनसुनवाई में राजस्व एवं भूमि विवाद, छात्रवृत्ति, अतिथि शिक्षक, स्वास्थ्य सेवाएं, सामाजिक न्याय, पेंशन, स्वच्छता, अतिक्रमण और सिंचाई सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की प्रकृति और पात्रता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।