बलिया जनपद में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए रविवार शाम नवीन मंडी समिति, तीखमपुर में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. इराज राजा की मौजूदगी में हुए इस अभ्यास में हवाई हमले, भूकंप और आगजनी जैसी आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों का प्रदर्शन किया गया।
22 नवंबर को शाम छह बजे शुरू हुई मॉक ड्रिल में विभिन्न आपदा परिस्थितियों का कृत्रिम परिदृश्य तैयार किया गया। सबसे पहले भवन में आग लगने की सूचना पर अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने, भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को प्राथमिक उपचार देने का अभ्यास किया।
इसके बाद भूकंप की स्थिति का अभ्यास कराया गया। सायरन बजते ही लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने, खुले मैदान में एकत्र होने और घबराहट से बचने के निर्देशों का पालन कराया गया। जिला अस्पताल में घायलों के उपचार, एंबुलेंस और आपात चिकित्सा सेवाओं की तैयारियों को भी परखा गया।
मॉक ड्रिल के तीसरे चरण में दुश्मन के हवाई हमले की आशंका के मद्देनजर सायरन बजाकर ब्लैक आउट की स्थिति बनाई गई। इस दौरान अनावश्यक प्रकाश स्रोत बंद रखने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का अभ्यास कराया गया। साथ ही आवश्यक सेवाओं को जारी रखने के लिए वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था का परीक्षण भी किया गया।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि आगजनी या अन्य आपात स्थिति में घायलों को तत्काल सुरक्षित अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है। ऐसे अभ्यास से वास्तविक आपदा के समय प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. इराज राजा ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन की सुरक्षा और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभ्यास कराया गया है। इससे पुलिस और संबंधित विभागों की तत्परता, समन्वय और जनसहयोग की क्षमता का आकलन किया जा सकता है।
इस दौरान पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी लाइन मंजरी राव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
#Ballia #BlackoutMockDrill #BalliaPolice #DMBallia #SPBallia #DisasterManagement #EmergencyPreparedness #BalliaKhabar