बलिया में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर देर रात ट्रेलर और ट्रैक्टर के बीच हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही फेफना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि के करीब फेफना थाना पुलिस को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर और ट्रैक्टर के बीच दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
हादसे में राम कुमार पाण्डेय पुत्र सुदामा पाण्डेय निवासी बाबू का शिवपुर, थाना दोकटी, बलिया और निर्मल वर्मा पुत्र राजकुमार निवासी शिवपुर, थाना दोकटी की मौत हो गई। वहीं, अमर कुमार चौधरी पुत्र अमावश चौधरी, उम्र करीब 30 वर्ष, निवासी बाबू का शिवपुर, थाना दोकटी घायल हो गए। तीनों को पुलिस और पीआरवी की मदद से जिला अस्पताल सदर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राम कुमार पाण्डेय और निर्मल वर्मा को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार ने वीडियो बाइट के माध्यम से जानकारी दी।
#GreenfieldExpressway #RoadAccident #BalliaPolice #फेफना #बलियाखबर
Belthara Road, Ballia | Nov 23, 2026