डिप्टी सीएम के दौरे से पहले एक्शन में डीएम अनुज मलिक, जिला अस्पताल में परखी व्यवस्थाओं की हकीकत ?
#संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के प्रस्तावित जनपद दौरे को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुज मलिक ने मंगलवार को हेलीपैड और संयुक्त जिला चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले हेलीपैड का निरीक्षण किया। यहां उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर की जा रही तैयारियों और आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां उन्होंने इमरजेंसी विंग, आईसीयू सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। मरीजों के भर्ती होने से लेकर डिस्चार्ज तक की प्रक्रिया से संबंधित पंजिकाओं का भौतिक सत्यापन भी किया। इस दौरान अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर इलाज एवं मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि अस्पताल में सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहनी चाहिए। किसी भी मरीज को बाहर से दवा खरीदने के लिए न लिखा जाए।
डीएम ने अस्पताल परिसर, वार्डों और शौचालयों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपमुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं गुणवत्ता के साथ पूरी कर ली जाएं। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमाशंकर सिंह, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग आरके पांडेय और सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
#SantKabirNagarNews #DMAnujMalik #BrijeshPathak #SantKabirNagar #UPNews