उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश
संत कबीर नगर, 11 नवंबर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने जनपद आगमन के दौरान संयुक्त जिला चिकित्सालय खलीलाबाद का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों का कुशलक्षेम पूछते हुए चिकित्सकीय सुविधाओं, निःशुल्क दवाओं, भोजन एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने इमरजेंसी, मेडिकल एवं आर्थोपेडिक वार्ड सहित अस्पताल परिसर का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को सभी आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं तथा बाहर से दवाएं लिखने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ की समय से उपस्थिति और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।