सुवालका कलाल महासभा संस्थान का तुलसी विवाह एवं सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न, 60 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
छोटू सुवालका ने 9 लाख 51 हजार रुपये की बोली छुड़वाकर धर्मपिता बनने का निभाया दायित्व
भीलवाड़ा :बृजमोहन सुवालका
पीथास राजस्थान सुवालका कलाल महासभा संस्थान, भीलवाड़ा के तत्वावधान में देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर नेहरू विहार स्थित सुवालका भवन के समीप श्रीराम पार्क में तुलसी विवाह एवं सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज के 60 वर-वधुओं ने वैदिक रीति-रिवाजों एवं मंत्रोच्चार के बीच परिणय सूत्र में बंधकर नवजीवन की शुरुआत की।
विवाह समारोह के दौरान प्रातः ईरास चौराहे से सम्मेलन स्थल तक भव्य बिंदोली निकाली गई। इसमें सभी दूल्हे घोड़ों पर तथा दुल्हनें आकर्षक बग्गियों में सवार होकर शामिल हुईं। बैंड-बाजों की मधुर धुनों के बीच निकली बिंदोली का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान जेसीबी मशीन से पुष्पवर्षा कर बिंदोली का अभिनंदन किया गया। विवाह स्थल पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार तोरण की रस्म अदा की गई। इसके पश्चात गायत्री परिवार के पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ सभी 60 जोड़ों का विवाह संपन्न करवाया।
इस अवसर पर छोटू सुवालका (तेलीखेड़ा) ने 9 लाख 51 हजार रुपये की बोली छुड़वाकर धर्मपिता बनने का दायित्व निभाया। उनके इस सहयोग की समाजजनों ने सराहना की।
समारोह के मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि विधायक अशोक कोठारी, महापौर जसवंत कंवर, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया एवं पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल वैवाहिक जीवन की मंगलकामना की।
संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश सुवालका (सांगानेर) ने बताया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी एकता, सहयोग एवं समरसता को बढ़ावा देना तथा विवाह समारोहों में होने वाले अनावश्यक खर्चों को कम कर सामाजिक सरोकारों को मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भामाशाहों, समाजबंधुओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
समारोह के समापन पर सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर शहर अध्यक्ष श्यामलाल, प्रदेश महामंत्री सत्यनारायण सुवालका गांगलास, श्यामलाल गेता पारोली, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार रमा विहार, सचिव देवेंद्र कुमार पीथास, प्रदेश प्रवक्ता कैलाश सुवालका हलेड़, हीरालाल सुवालका नीम का खेड़ा, संरक्षक बालचंद सुवालका गांगलास, संपत घेवरिया, भंवरलाल जोधड़ास, रामेश्वरलाल, शांतिलाल पांसल सहित युवा कार्यकारिणी सदस्य शंकरलाल, मुकेश पारोली, ओमप्रकाश, लक्की सुवालका, छोटू सुवालका एवं संस्थान के समस्त पदाधिकारी, समाज के गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
सादर