हाथी पर सवार होकर तोरण मारने पहुंचे मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ
16108 श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भव्य बारात में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
भीलवाड़ा। धर्मनगरी भीलवाड़ा में शुक्रवार को 16108 श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महामहोत्सव के तहत भव्य बारात निकाली गई। इस दौरान मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ हाथी पर सवार होकर बारात लेकर विवाह स्थल मेडिसिटी ग्राउंड पहुंचे। भगवान के दिव्य स्वरूपों के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
बारात आजादनगर स्थित एमपीएस स्कूल से प्रारंभ होकर कुंभा सर्किल और पन्नाधाय सर्किल होते हुए मेडिसिटी ग्राउंड पहुंची। बारात में हाथी पर विराजित गढ़बोर चारभुजानाथ के पीछे भीलवाड़ा के बड़े चारभुजानाथ सहित विभिन्न मंदिरों के भगवान के बेवाण आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालु नाचते गाते और जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। शहरवासियों ने जगह जगह पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया।
मेडिसिटी ग्राउंड पहुंचने पर तोरण की रस्म हुई। हाथी पर विराजित चारभुजानाथ ने तोरण मारने की रस्म निभाई तो पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद विवाह की रस्में शुरू हुईं। मुख्य पांडाल में भगवान के लिए विशेष विवाह वेदियां सजाई गईं। वहीं विशाल पांडाल में सैकड़ों वेदियों पर श्रद्धालु जोड़ों ने तुलसीजी और भगवान शालिग्राम का विधि विधान से विवाह संपन्न कराया। सैकड़ों पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में संपन्न कराईं। शाम को बारात विदाई की रस्म आयोजित की गई।