हाथी पर ठाकुरजी, सड़कों पर भक्तों का सैलाब; भीलवाड़ा में उतरा भक्ति का वैभव!
16,108 तुलसी-शालिग्राम विवाह महामहोत्सव में नौ मंदिरों के ठाकुरजी की निकली दिव्य बारात, मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ ने हाथी पर सवार होकर मारा तोरण
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी) धर्मनगरी भीलवाड़ा शुक्रवार को भक्ति, उल्लास और आस्था के महासागर में डूब गई। 16,108 श्री तुलसी-शालिग्राम विवाह महामहोत्सव के तहत निकली भगवान की दिव्य बारात ने शहर में ऐसा नजारा पेश किया कि सड़कों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हाथी पर विराजमान होकर मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ जब बारात लेकर निकले तो हर तरफ जयकारे गूंज उठे। पुष्पवर्षा, बैंड-बाजे और ठाकुरजी के जयघोष के बीच पूरा शहर भक्तिमय हो गया।
आजादनगर स्थित एमपीएस स्कूल से शुरू हुई शाही बारात में मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के साथ भीलवाड़ा के बड़े चारभुजानाथ, दूधाधारी गोपालजी, संजय कॉलोनी चारभुजानाथ, सांगानेर चारभुजानाथ, बिलिया के रावला चारभुजानाथ, मांडल के शेष सहायजी, दांथल श्याम और नौगांवा के श्री सांवरिया सेठ शामिल हुए। सजे-धजे बेवाण, हाथी-घोड़े और हजारों बारातियों के साथ निकली शोभायात्रा कुंभा सर्किल व पन्नाधाय सर्किल होते हुए मेडिसिटी ग्राउंड पहुंची। रास्तेभर शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर ठाकुरजी का स्वागत किया।
हाथी पर तोरण, जयकारों से गूंजा पांडाल
मेडिसिटी ग्राउंड में बारात पहुंचते ही भव्य स्वागत हुआ। विवाह स्थल पर नौ ठाकुरजी के लिए नौ तोरण सजाए गए। शुभ मुहूर्त में मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ ने हाथी पर विराजमान होकर तोरण की रस्म निभाई तो श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए हजारों भक्त उमड़ पड़े।
सैकड़ों वेदियों पर गूंजे वैदिक मंत्र
तोरण की रस्म के बाद सैकड़ों वेदियों पर तुलसी महारानी और भगवान शालिग्राम का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। मुख्य आचार्य योगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों पंडितों ने विवाह की रस्में पूरी कराईं। मुख्य मंडप में नौ ठाकुरजी की अलग-अलग वेदियां सजाई गईं, जबकि विशाल पांडाल में हजारों यजमान जोड़ों ने विवाह संस्कार में भाग लिया।
महामंडलेश्वर हंसरामजी महाराज, बाबूगिरी महाराज सहित संत-महात्माओं ने भी दर्शन कर आयोजन को आशीर्वाद दिया। सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, महापौर जसवंत कंवर और उपमहापौर राधेश्याम सोमाणी सहित कई जनप्रतिनिधि भी इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने।
गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज के सूत्रधारत्व में आयोजित महोत्सव को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी, संयोजक डॉ. एस.एन. गग्गड़ और श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सेवाएं दीं। बारात से लेकर विवाह की रस्मों तक हर दृश्य श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम बना। श्रद्धालुओं की जुबां पर एक ही बात थी—भीलवाड़ा में ऐसी दिव्य बारात पहले कभी नहीं देखी।