प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के जन्मदिन पर सुमित गौड़ ने साथियों संग दी शुभकामनाएं, संगठन की मजबूती पर दिया जोर
फरीदाबाद। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़ ने अपने समर्थकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गुरुग्राम स्थित कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के आवास पर पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान शॉल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर और केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया गया।
इस अवसर पर हरियाणा महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष पर्ल चौधरी, गुरुग्राम शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डाबर और हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने राव नरेंद्र सिंह के एक वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस संगठन मजबूत हुआ है और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
वहीं, राव नरेंद्र सिंह ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने वोट चोरी के आरोपों, बढ़ते अपराध और महंगाई के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
सुमित गौड़ ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर एडवोकेट शशांक जैन, अजय बैंसला, कमल और अंकित तंवर सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने राव नरेंद्र सिंह के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।