श्रमिकों एवं नियोजकों को चार नई श्रम संहिताओं (Four New Labour Codes-2026) के प्रावधानों की जानकारी देने तथा उनके प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई परिसर, मुंगेर के प्रथम तल स्थित स्थानीय हॉल में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने दीप प्रज्जवलित कर किया। मौके पर श्रम विभाग के वरीय पदाधिकारी, औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि, विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी एवं गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस अवसर पर श्रम अधीक्षक दिलीप कुमार झा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं श्रमिकों का स्वागत किया। प्रशिक्षण सत्र में उप श्रमायुक्त मो० आफताब आलम, सहायक श्रमायुक्त शशि कुमार सक्सेना एवं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों ने बारी-बारी से चार नई श्रम संहिताओं के विभिन्न प्रावधानों, उनके उद्देश्य तथा श्रमिकों एवं नियोजकों के लिए उनकी उपयोगिता की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा एवं श्रम कानूनों के अनुपालन से संबंधित विषयों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित श्रमिकों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों को नए श्रम कानूनों के प्रावधानों की समुचित जानकारी प्राप्त करने तथा उनके प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को श्रमिकों के अधिकारों की जानकारी और श्रम व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में पीठासीन पदाधिकारी, श्रम न्यायालय श्रीमती सविता रानी, कर्मचारी राज्य बीमा निगम के शाखा प्रबंधक इन्द्रदेव प्रसाद, कारखाना निरीक्षक मुकेश कुमार पाण्डेय, मुंगेर चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि, आईटीसी एवं आईटीसी डेयरी के महाप्रबंधक, विभिन्न श्रमिक संघों के अध्यक्ष एवं महासचिव, परिवार विकास एवं सेवा भारत एनजीओ के प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, जमालपुर विक्रम कुमार ने किया। अंत में श्रम अधीक्षक ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। उन्होंने कहा कि श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग श्रमिकों के हितों की रक्षा, उनके कल्याण एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सदैव तत्पर है।
#BiharGovernment
#CMSamrat
#samratchoudhary
#samratforbihar
Munger, Bihar | Oct 30, 2026