अशोकनगर जिले में "Do-It-Yourself (DIY)"कार्यशालाओं का आयोजन
--
संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग, मध्यप्रदेश के आदेशानुसार जिले में "Do-It-Yourself (DIY)" कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यशालाओं का उद्देश्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्थानीय एवं अनुपयोगी सामग्री के उपयोग से आकर्षक, कम लागत वाली एवं बाल-अनुकूल शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) तैयार करने हेतु प्रशिक्षित करना है, जिससे प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को अधिक प्रभावी एवं रोचक बनाया जा सके।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती चंद्रसेना भिड़े के मार्गदर्शन में 17 जुलाई को अशोकनगर शहरी परियोजना के सेक्टर क्रमांक-03 में सुपरवाइजर प्रियंका पवार द्वारा DIY कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। वहीं 18 जुलाई 2026 को अशोकनगर ग्रामीण परियोजना के नारायणपुर सेक्टर में सुपरवाइजर विमलेश रघुवंशी द्वारा कार्यशाला आयोजित कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्थानीय संसाधनों से विविध शिक्षण-अधिगम सामग्री तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशालाओं के दौरान प्रतिभागियों ने स्वयं विभिन्न शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) तैयार की तथा उनके उपयोग का प्रदर्शन भी किया। प्रशिक्षण में खेल-आधारित एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धति के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु नवाचारी शिक्षण सामग्री के उपयोग पर विशेष बल दिया गया।
जिले में आयोजित इन DIY गतिविधि कार्यशालाओं में रॉकेट लर्निंग संस्था के जिला समन्वयक श्री विपिन रघुवंशी का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उनके द्वारा कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों को नवाचार आधारित शिक्षण सामग्री निर्माण एवं उसके प्रभावी उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती चंद्रसेना भिड़े ने बताया कि निर्धारित कैलेंडर के अनुसार जिले की शेष परियोजनाओं में आगामी तिथियों पर भी DIY कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक बाल शिक्षा के लिए नवाचारी एवं बाल-केंद्रित शिक्षण सामग्री तैयार करने में दक्ष हो सकें।
#ashoknagar
Ashok Nagar, Madhya Pradesh | Jul 19, 2026