#नालंदा - दुर्गा पूजा को लेकर वेना थाना क्षेत्र में पुलिस का फ्लैग मार्च,
उपद्रवियों को सख्त चेतावनी
वेना बाजार समेत कई गांवों में निकाला गया मार्च, शांतिपूर्ण माहौल में पूजा मनाने की अपील
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
रहूई - दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और विधि-व्यवस्था को लेकर वेना थाना पुलिस अलर्ट है। इसी कड़ी में पुलिस ने शुक्रवार को थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बाजारों में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने आम लोगों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।
फ्लैग मार्च वेना बाजार, धमौली, दोसूत, कोरनावां, सिरनावां, सरथा, कचरा, चैनपुर समेत थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में निकाला गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि पूजा और मेले के दौरान शांति बनाए रखें तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
हुड़दंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
फ्लैग मार्च के दौरान थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार ने असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति भंग करने, हुड़दंग मचाने या किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वेना थानाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि मेले में हुड़दंग करने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की नजर पूरे क्षेत्र पर बनी हुई है। उन्होंने आम लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त और निगरानी जारी रहेगी, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें।
Rahui, Nalanda | Oct 16, 2026