जमीन विवाद में बड़े भाई ने कट्टा दिखाकर दी जान से मारने की धमकी, पीड़ित भाई रोते हुये पहुंचा थाने
छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम कुटिया में पुश्तैनी जमीन पर कब्जे को लेकर एक बड़े भाई द्वारा अपने दो छोटे भाइयों को कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।पीड़ित राममिलन अहिरवार (33) ने बमीठा थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार, मजदूरी करने वाले राममिलन हाल ही में बाहर से गांव लौटे हैं। आरोप है कि उनका बड़ा भाई हरिराम अहिरवार पिछले 7 वर्षों से पिता की जमीन पर अवैध कब्जा किए हुए है और उन्हें हिस्सा नहीं दे रहा। शुक्रवार को आरोपी हरिराम ने राममिलन और उनके छोटे भाई मनसुख अहिरवार को कट्टा दिखाते हुए गांव में न रहने और खेती न करने की धमकी दी भयभीत भाइयों ने थाना प्रभारी से सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।