ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने गिनाए सरकार के विकास कार्य, पंचायत के चहुंमुखी विकास का दिलाया भरोसा
ग्राम पंचायत रेलगांव में नवनिर्वाचित सरपंच लोकेश तिवारी का पदभार ग्रहण समारोह संपन्न
कोटा/सिमलिया।
ग्राम पंचायत रेलगांव के नवनिर्वाचित सरपंच लोकेश तिवारी का पदभार ग्रहण समारोह रविवार को स्थानीय पंचायत परिसर में अत्यंत उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर नवनिर्वाचित सरपंच को पदभार ग्रहण करवाया और उन्हें उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान हेतु संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को विस्तार से गिनाया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे, सुदृढ़ बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण तथा किसानों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा विभाग द्वारा ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं, जिसका सीधा लाभ किसानों और आमजन को मिल रहा है।
*डबल इंजन सरकार के विजन से होगा रेलगांव का सर्वांगीण विकास*
मंत्री नागर ने ग्रामवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत रेलगांव के विकास में धन और संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हम सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व तथा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के जनसेवा और विकास के विजन के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य करेंगे। डबल इंजन सरकार की नीतियों को धरातल पर उतारकर रेलगांव को एक आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा।
*जनसेवा और पारदर्शी कार्यप्रणाली का संकल्प*
इस अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच लोकेश तिवारी ने ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर सहित समस्त ग्रामवासियों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, वे उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरेंगे। सभी को साथ लेकर ग्राम पंचायत में स्वच्छता, शिक्षा, पेयजल एवं सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, वार्ड पंच, गणमान्य नागरिक, युवा एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने नवनिर्वाचित सरपंच का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
Sangod, Kota | Nov 15, 2026