केशपुरा के भूमिया बाबा देवस्थान पर अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति, भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
केशपुरा। क्षेत्र के भूमिया बाबा देवस्थान पर आयोजित 24 घंटे के अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-यज्ञ के साथ विधिवत समापन हुआ। पूर्णाहुति के अवसर पर देवस्थान परिसर दिनभर भक्तिमय माहौल और जयकारों से गूंजता रहा। कार्यक्रम के मुख्य यजमान कांग्रेस सेवादल के वरिष्ठ नेता धर्म सिंह राजौरा, उनकी धर्मपत्नी चित्रा देवी एवं परिजनों ने यज्ञ में आहुतियां दीं। आचार्य पंडित कमलेश शास्त्री (खीप का पुरा) और पंडित कुलदीप कृष्ण शास्त्री (केशपुरा) ने विधि-विधान के साथ हवन संपन्न कराया। हवन के पश्चात महाआरती की गई और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। भंडारे की शुरुआत में सर्वप्रथम कन्याओं और लांगराओ को पंगत में बिठाकर पत्तल पर प्रसादी जिमाई गई। इस दौरान गादौली हनुमान आश्रम के महंत सूरज महाराज और मुख्य यजमान राजौरा ने कन्याओं व लांगुरियाओं को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। प्रसादी ग्रहण करने के लिए आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। इस धार्मिक आयोजन के दौरान मुख्य यजमान कांग्रेस सेवा दल के वरिष्ठ नेता धर्म सिंह राजौरा ने केशपुरा हनुमान मंदिर के भूरा भगत, चौरजी, अंकित, भीकम सिंह, राम भरोसी कामरेड और हरिश्चंद्र मल्होत्रा सहित अन्य गणमान्य नागरिकों का माला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।
Badgaon, Udaipur | Nov 16, 2026