करौली में गांव की सरकार चुनने को लेकर उत्साह: 5 पंचायत समितियों की 144 ग्राम पंचायतों में 46% मतदान जारी, शाम 6 बजे तक डाले जाएंगे वोट
करौली। जिले में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है। 5 पंचायत समितियों की 144 ग्राम पंचायतों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। इस चुनावी चरण में जिले के कुल 4 लाख 48 हजार 931 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।जिले की सपोटरा, टोडाभीम, बालघाट, कुड़गांव और मंडरायल पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीमें मुस्तैद हैं, साथ ही मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
बालघाट में दोपहर 3 बजे तक 57.68% मतदान
मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। अब तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार बालघाट पंचायत समिति में मतदान की रफ्तार तेज रही। यहां सुबह 10 बजे तक 18.03 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 40.04 प्रतिशत और दोपहर 3 बजे तक 57.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका है। वहीं, मंडरायल में सुबह 10 बजे तक 23.61 प्रतिशत और दोपहर 1 बजे तक 50.68 प्रतिशत वोटिंग हुई।
गांव की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं की भागीदारी पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।