श्री अन्न की खेती को मिलेगा बढ़ावा, 50 किसान और 10 कर्मचारी पंतनगर रवाना
संतकबीरनगर। जिले में श्री अन्न यानी मिलेट्स के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों और कृषि कर्मचारियों को आधुनिक खेती की जानकारी दिलाने की पहल की गई है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के न्यूट्रिशन घटक एवं उत्तर प्रदेश मिलेट्स रोजगार कार्यक्रम के तहत पांच दिवसीय ऑनसाइट अध्ययन एवं एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में जनपद के 50 कृषकों और 10 कर्मचारियों के दल को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर और केंद्रीय औषधीय एवं सुगंध पौध संस्थान, नगला पंतनगर के लिए रवाना किया गया।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य किसानों को श्री अन्न की उन्नत खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और बेहतर उत्पादन की जानकारी उपलब्ध कराना है।
पंतनगर में पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान किसान और कर्मचारी कृषि वैज्ञानिकों से श्री अन्न की उन्नत प्रजातियों, उत्पादन तकनीक, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और आधुनिक खेती के तरीकों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
प्रशिक्षण के बाद किसान वैज्ञानिक विधियों को अपने खेतों में अपनाने के साथ-साथ अन्य किसानों के साथ भी साझा करेंगे। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस पहल से जिले में श्री अन्न का उत्पादन और प्रसंस्करण बढ़ेगा तथा किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।